चौथे दिन भी बिजलीघर पर जारी रहा किसानों का धरना
- सहारनपुर में आमकी दीपचंदपुर बिजलीघर पर धरना देते भाकियू से जुड़े किसान।
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर आमकी दीपचंदपुर बिजलीघर पर चल रहा किसानों का धरना आज भी जारी रहा।
गौरतलब है कि भाकियू टिकैत के बैनर तले किसानों द्वारा अपनी मांगों को लेकर आमकी दीपचंदपुर बिजलीघर पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज चौथे दिन भी जारी रहा। धरने को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. राजपाल सिंह पनियाली ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी किसानों के प्रति संवेदनहीन हो गए हैं। किसान अपनी जायज मांगों को लेकर विगत चार दिनों से धरना दे रहे हैं। इसके बावजूद भी विद्युत विभाग के किसी भी अधिकारी ने किसानों के बीच आकर उनकी समस्या सुनने की जहमत भी नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि यदि हमारी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो हमें कड़ा कदम उठाने को बाध्य होना पड़ेगा। धरने में ब्लाक अध्यक्ष पूसा प्रधान, नारायण सिंह, अकरम, मनीष वालिया, संजीव चौधरी, भागसिंह, विनोद खन्ना, पप्पू पनियाली, रविंद्र, राहुल चौधरी, सुमित चंदेना आदि किसान मौजूद रहे।
