मांगों को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन

मांगों को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर धरने को सम्बोधित करते भाकियू बेदी के पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN] । भारतीय किसान यूनियन बेदी के कार्यकर्ताओं ने कृषि कानूनों के खिलाफ जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर तीनों कृषि बिलों को अविलम्ब वापस लिए जाने की मांग की। भारतीय किसान यूनियन बेदी के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी के नेतृत्व में होकर जिला मुख्यालय पहुंचे तथा किसानों की विभिन्न समस्याओं के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए भाकियू बेदी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी ने कहा कि पिछले काफी समय से किसान नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली समेत अन्य राज्यों में आंदोलनरत हैं परंतु केंद्र की भाजपा सरकारों के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है।

उन्होंने कहा कि भाकियू बेदी किसी भी सूरत में किसानों का शोषण व उत्पीडऩ बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि शीघ्र किसान बिल वापस नहीं लिए गए तो देशभर के किसान भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने तीनों नए कृषि बिलों को किसान हित में तुरंत वापस लेने, किसानों की विद्युत विभाग द्वारा काटी जा रही आरसी को तुरंत रोकने, किसानों के कृषि ऋण माफ करने तथा किसानों ंकी कृषि भूमि को एक्वायर करने से रोके जाने की मांग की। इस दौरान भाकियू बेदी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद हुसैन जिलानी, जिलाध्यक्ष शमीम अहमद, महानगर अध्यक्ष दानिश खान, सचिन मित्तल सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।