किसान बिलों से खुलेगा किसानों की समृद्धि का रास्ता: रोहिला
सहारनपुर [24CN] । उत्तराखंड योजना आयोग के उपाध्यक्ष व काबीना मंत्री विनय रोहिला ने कहा कि किसान आंदोलन को राजनीतिक हितों के लिए अवसरवादी लोग बहका रहे हैं जबकि किसान कानून बिल किसानों की दशा सुधारने का काम करेगा और इसके चलते किसानों की समृद्धि का रास्ता खुलेगा। विनय रोहिला आज कस्बा तीतरो में देवेंद्र अग्रवाल के आवास पर आयोजित अपने स्वागत समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि योजना आयोग की विकासपरक योजनाओं से प्रदेशों के विकास को नया आयाम मिलेगा।
उन्होंने ेकहा कि उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की संस्कृति मिलीजुली होने के कारण जो योजनाएं वहां लागू की गई हैं, उन्हें यहां की सरकार द्वारा लागू करने की संस्तुति भी की जाएगी। जनहित में विकास योजनाओं को कहीं भी लागू किया जा सकता है। उन्होंने किसान आंदोलन पर कहा कि भोलभाले किसानों को स्वार्थी राजनीतिक दल व भ्रष्ट तत्व बहाकर आंदोलन को भड़का रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे। क्षेत्रीय विधायक चौ. कीरत सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। इनके बलबूते विपक्षी दलों का किसी भी तरह का षडयंत्र सफल नहीं होगा। भाजपा कार्यकर्ता जनता व किसानों के बीच जाकर इसका पर्दाफाश करेंगे। विनय रोहिला का संजय चौधरी के आवास पर भी स्वागत किया गया। इस दौरान राजेंद्र बंसल, देवेंद्र अग्रवाल, सुरेश चौधरी, रामकुमार पाराशर, पदम सिंह ढायकी, मांगेराम टरडक, जसवंत चौधरी, अश्विनी रोहिला, अरविंद रोहिला, रामपाल रोहिला, प्रमोद रोहिला, धर्मवीर चौधरी, रवि चौधरी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता चौ. कुलवीर सिंह व संचालन मंडल अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने किया।