भाजपा शासनकाल में किसान व आम जनता पूरी तरह त्रस्त: जगवीर

भाजपा शासनकाल में किसान व आम जनता पूरी तरह त्रस्त: जगवीर
  • सहारनपुर में प्रसपा की बैठक को सम्बोधित करते राष्ट्रीय महासचिव चौ. जगवीर।

सहारनपुर [24CN] । प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री चौ. जगवीर सिंह ने कहा कि भाजपा के तानाशाही रवैये से किसान व आम जनता पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। भाजपा केवल अडानी व अम्बानी के खजानों को भरने का काम कर रही है। पूर्व मंत्री जगवीर आज यहां बेहट रोड स्थित पार्टी के जिलाध्यक्ष मो. तारिक गुड्डू के आवास पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। सभी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं परंतु भाजपा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है तथा जनता को भय, भूख व बेरोजगारी के अलावा कुछ नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव प्रसपा मजबूती के साथ लड़ेगी और पार्टी सुप्रीमो शिवपाल सिंह यादव के हाथों को मजबूत करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में किसान तबाह व बर्बाद हो चुका है। विगत आठ माह से किसान दिल्ली में धरनारत है लेकिन भाजपा किसानों की सुध लेने का काम नहीं कर रही है। इससे साबित होता है कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है।

मंडल प्रभारी इसरार सिद्दीकी व जिलाध्यक्ष मो. तारिक गुड्डू ने कहा कि गैर भाजपाई दलों को साथ लेकर प्रसपा सत्तारूढ़ होगी तथा भाजपा को सबक सिखाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में सर्वाधिक बलात्कार व छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं क्योंकि यह सरकार केवल जुमलेबाजी तक ही सीमित होकर रह गई है। इस दौरान राजकुमार वालिया, अशोक यादव, श्रीमती नीलम भारद्वाज, आदेश करीमपुर, इंजमाम प्रधान, शैंकी वर्मा मेरठ, युद्धवीर सिंह गुर्जर, सुलतान मलिक, एहकाम प्रधान, कासिक सिद्दीकी, शहजाद प्रधान, मुर्सलीन प्रधान, जुबैर राणा, तनवीर राणा, अरशद चौधरी, मेहरबान आदि मौजूद रहे।