खनन के काले कारोबार पर भड़की किसान यूनियन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
- सहारनपुर में सिटी मैजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते भाकियू टिकैत के पदाधिकारी।
सहारनपुर। चिलकाना रोड स्थित मदीहा गार्डन के पास चल रहे अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का एक प्रतिनिधिमंडल आज नगर मजिस्ट्रेट से मिला और जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा। आज भाकियू का प्रतिनिधिमंडल का आसिम मनिक के नेतृत्व में नगर मजिस्टेªट कुलदीप सिंह से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी कई बार कॉलोनीवासियों द्वारा की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में दिन-रात बड़े वाहनों की आवाजाही जारी है, जिससे स्थानीय लोगों और विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आसिम ने यह भी बताया कि पूर्व में एक हादसा भी हो चुका है, जिसमें नूर हसन नामक ड्राइवर शामिल था। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आज भी हजारों टन खनन सामग्री मौजूद है, जो अवैध गतिविधियों की ओर इशारा करती है। किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में फिरोज खान (प्रदेश महासचिव, उत्तराखंड), जाहिर तुर्की (प्रदेश सचिव), समीर राव, अर्सलान, आरिश, इस्माइल खान, तबरेज, शाहजेब, जहीर, रईस, अंकुर सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
