पुलिस के हत्थे चढ़ा नकली नोटों का सौदागर

- सहारनपुर में पुलिस द्वारा दबोचा गया आरोपी व जानकारी देते एसपी सिटी।
सहारनपुर। मंडी कोतवाली पुलिस ने नकली नोट छापकर तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। दबोचे गए आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक नगर अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि थाना सरसावा पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व उपनिरीक्षक देवेंद्र अधाना के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा 25 हजार रूपए के इनामी बदमाश उस्मान पुत्र अनवार अली निवासी ग्राम थीथकी थाना देवबंद को उसकी ससुराल बिहार राज्य के जिला पूर्णिया के गांव कुकराऊ थाना धमदाह में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि दबोचा गया उस्मान थाना मंडी में नकली नोटों को छापकर तस्करी करने के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विगत 17 जून को 3 लाख 86 हजार रूपए के नकली नोट बरामद किए थे तथा इस मामले में उस्मान के खिलाफ धारा-82/ 83 सीआरपीसी की कार्रवाई की गई थी तथा न्यायालय द्वारा भी उस्मान के गैरजमानती वारंट जारी किए गए थे। एसएसपी द्वारा आरोपी उस्मान की गिरफ्तारी पर 25 हजार रूपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
एसपी सिटी श्री मांगलिक ने बताया कि दबोचा गया आरोपी उस्मान थाना देवबंद क्षेत्रांतर्गत गांव थीथकी स्थित अपने घर से काफी दूर बिहार के जिला पूर्णिया के थाना धमदाह के ग्राम कुकराऊ में अन्य लोगों से अपनी पहचान छिपाकर रिहाना पुत्री शाह जमाल के साथ निकाह करके रह रहा था। उन्होंने बताया कि उस्मान ने अवैध तरीके से ठेकेदारी का लाइसेंस प्राप्त कर जनपद गोड्डा झारखंड में अपना मकान बनाकर ठेकेदारी का काम कर रहा था।
उन्होंने बताया कि उस्मान के खिलाफ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के विभिन्न थानों में 21 मामले दर्ज हैं जिनमें से पांच मामले नकली नोटों से सम्बंधित हैं। श्री मांगलिक ने बताया कि पूछताछ में उस्मान ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोटे कागज पर रंगीन प्रिंटर से नकली नोट छापकर मार्किट में चलाता था। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।