सहारनपुर में नकली पनीर फैक्ट्री का भंडाफोड़, 20 कुंतल पनीर व सैकड़ों लीटर मिलावटी दूध बरामद
- सहारनपुर में छापे की कार्यवाही की जानकारी देते सहायक खाद्य आयुक्त मनोज कुमार वर्मा।
सहारनपुर। जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जनकपुरी क्षेत्र के देहरादून रोड स्थित छज्जपुर में संचालित नेशनल डेयरी फैक्ट्री पर खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारकर करीब 20 कुंतल नकली पनीर और सैकड़ों लीटर मिलावटी दूध बरामद किया।
फैक्ट्री में सिंथेटिक केमिकल और मिलावटी पदार्थों का इस्तेमाल कर नकली पनीर तैयार किया जा रहा था, जिसे बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से भारी मात्रा में तैयार नकली पनीर, मिलावटी दूध और केमिकल बरामद किए। टीम ने कमेला कालोनी में भी पनीर की फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी में मिलावटी पनीर व दूध पकड़ा है जिसका सैम्पल भरकर जांच के लिए भेज दिया तथा बरामद पनीर व दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से पनीर और दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
सहायक खाद्य आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि जनपद में कहीं पर भी मिलावटी खाद्य वस्तुओं की बिक्री नहीं होने दी जाएगी तथा जहां भी इस तरह का धंधा चलेगा, उसे मौके पर पहुंचकर ध्वस्त कर दिया जाएगा और इस धंधे में लिप्त कारोबारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे रंगीन मिठाई तथा अन्य मिलावटी सामान को खरीदने से बचें क्योंकि इन मिलावटी खाद्य पदाथों के सेवन से बीमारी होने की संभावना है।
