‘कुछ लोगों का आई फ्लू अब ठीक हो रहा है’ बजरंग दल पर दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर नरोत्तम मिश्रा का पलटवार

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार किया है। नरोत्तम ने कहा कि कुछ लोगों का आई फ्लू अब ठीक हो रहा है। बजरंग दल पर प्रतिबंध के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता है। (फाइल फोटो)
भोपाल । मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर पलटवार किया है। दिग्विजय सिंह की ओर से बजरंग दल पर दिए बयान को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने चुटकी ली है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कुछ लोगों का आई फ्लू अब ठीक हो रहा है।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘बजरंग दल पर बैन लगाना तो दूर सोच भी नहीं सकते। कुछ लोगों का आई फ्लू अब ठीक हो रहा है। कुछ दिनों में सारे जाले साफ हो जायेंगे।’ गृह मंत्री ने आगे कहा कि पहले पाकिस्तान जिंदाबाद – काजी साहब जिंदाबाद सुनाई देता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है।
कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा
नरोत्तम ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह जहां-जहां जाएंगे वहां, कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। साथ ही उन्होंने गुलाम नबी आजाद के बयान का भी समर्थन किया है। नरोत्तम ने कहा कि आजाद कांग्रेस से दूर होने के बाद सच बोल पाए हैं। कांग्रेस अपने नेताओं को सच बोलने से रोकती है।
बजरंग दल पर नहीं लगाएंगे प्रतिबंध: दिग्विजय सिंह
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने बुधवार को कहा था कि मध्य प्रदेश में हमारी पार्टी की सरकार बनने पर बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि बजरंग दल में भी कुछ अच्छे लोग हो सकते हैं। इसलिए हम प्रतिबंध नहीं लगाएंगे, पर जो भी व्यक्ति गड़बड़ी करेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। बजरंग दल में कई असामाजिक तत्व हैं। अभी हाल ही में किस तरह बजरंग दल के लोग भागते फिर रहे थे, हम सबने देखा है। यह देश हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सबका है।