नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार पर जताया रोष
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों की बैठक में नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार पर आक्रोश व्यक्त किय गया तथा नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ शीघ्र ही नगर निगम से लेकर मंडलायुक्त कार्यालय तक बड़े आंदोलन का बिगुल बजाने का निर्णय लिया गया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए युवजन सभा के प्रदेश सचिव फहाद सलीम व छात्र सभा के जिलाध्यक्ष चौ. वासिल तोमर ने कहा कि नगर निगम के निर्माण विभाग में मरम्मत के टेंडर के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। जबकि जल कल विभाग में बिना टेंडर के फर्जी पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर सालों से अनेक सड़कें खुदी पड़ी हैं जिनमें घंटाघर से लेकर कचहरी पुल, मंडी समिति रोड, गोटेशाह से धोबीवाला तक की सड़कें नगर निगम द्वारा एक साल से भी अधिक से खोद रखी हैं जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशान का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि सैक्टर 44, 11, 69 व 70 में सड़कों व सीवर का बुरा हाल है। इन वार्डों की अनदेखी की जा रही है। इसी तरह नगर निगम में मेले के नाम पर करोड़ों रूपए का घोटाला किया गया। दीवारों पर रंग, पुताई व पेंटिंग कराने से सहारनपुर स्मार्ट सिटी नहीं बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही होने तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे। बैठक में अमित गुर्जर, सलीम अख्तर, सऊद आलम, अर्जुन पंडित, सोनू त्यागी, नागेंद्र राणा, राव जुल्फकार खान, प्रणव शर्मा, संजीव दुर्जन, हसीन कुरैशी, मेहरबान तोमर, अमजद भाटी, जितेंद्र सिंह, मुबारिक चौधरी, पंकज उमरी, विश्वजीत गुर्जर, प्रवीण सैनी, रिंकू गुर्जर, नितिन कपिल, सुदेश गुर्जर, अनुज मदनूकी आदि मौजूद रहे।