राहुल गांधी व चन्नी का पुतला फूंककर जताया रोष
- सहारनपुर में पुतला फूंकने विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बरती गई लापरवाही के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री व राहुल गांधी का पुतला फूंककर रोष व्यक्त किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष बृजेश प्रजापति के नेतृत्व में एकत्र हुए तथा नारेबाजी के बीच कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के पुतले को आग के हवाले कर दिया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए विश्व हिंदू महासंघ के महानगर अध्यक्ष बृजेश प्रजापति ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला 20 मिनट तक फ्लाईओवर पर जाम में फंसा रहना कोई मामूली बात नहीं है। इसमें एक बहुत बड़ी दुर्घटना हो सकती थी जो कांग्रेस की औछी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घटिया हरकत पर उतर आई है। यह प्रधानमंत्री की सुरक्षा का मामला था। इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो राज्य सरकार प्रधानमंत्री को सुरक्षा नहीं दे पाई, उस राज्य में आम जनता का क्या हाल होता होगा। उन्होंने पंजाब सरकार को तत्काल बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की।
पुतला फूंकने वालो में प्रदेश मंत्री प्रमोद त्यागी, महिला प्रकोष्ठ की महानगर अध्यक्ष स्वाति अग्रवाल, प्रभारी विनोद सैनी, उपाध्यक्ष रजत यादव, महामंत्री सुरेश दत्त त्यागी, रानी वर्मा, मनीषा देवी, मुस्कान, डा. सतीश कुमार, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।
