शादी का झांसा देकर युवती का किया शोषण, निकाह के 12 दिन बाद मिला तलाक
- पशु चिकित्सक पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप, कार्रवाई को सीएम ओर पुलिस को दिया पत्र
देवबंद। एक युवती ने पशु चिकित्सक पर शादी का झांसा देकर पांच वर्षों तक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सीएम और पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
मंगलवार को युवती परिजनों संग कोतवाली पहुंची और खंडजा गांव निवासी पशु चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस को बताया कि आरोपी से उसका पिछले पांच वर्षों से संबंध था। शादी का झांसा देकर वह उसका शोषण करता रहा। युवती का आरोप है कि परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। 12 दिन पूर्व उसका निकाह हुआ था। लेकिन आरोपी ने उसके ससुराल में संपर्क कर उसकी शादी तुड़वा दी। जिसके बाद आरोपी ने अब उससे शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस को तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
