प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की जरूरत: शीतल टण्डन

- सहारनपुर में गांधी प्रतिमा के समक्ष एकता व सद्भावना की शपथ लेते व्यापारी प्रतिनिधि।
सहारनपुर। गणतंत्र दिवस 2023 के कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रमुख पदाधिकारियों द्वारा एकता और सदभावना की शपथ लेकर देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन एक अच्छे नागरिक के रूप में कार्य करने का संकल्प लिया गया।
स्थानीय गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि 26 जनवरी हमारे राष्ट्र का पुनीत पर्व है। कितने वीर भारतीयों ने देश के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की बलि चढ़ा दी। आज के दिन हम अमर शहीदों को याद करते हैं ओर देश की सुख-समृद्धि एकता और सदभावना व शांति के लिए प्रयत्नशील होने की प्रतीज्ञा करते हैं। हमें अपने महान देश की गौरवशाली परम्पराओं, आदर्शों और आजादी को हर हाल में बरकरार रखना है।
उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे लोकतंत्र का नागरिक होना हम सबके लिए गर्व की बात है। जहां हम एक ओर समय-समय पर अपने अधिकारों की बात करते हैं, वही देश समाज व संगठन के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना होगा। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में व्यापार मण्डल की विभिन्न इकाईयों व एसोसिएशनों द्वारा उल्लासपूर्वक ध्वजारोहण के कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रभातफेरी से लेकर देर सांय तक आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में व्यापार मण्डल की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
श्री टण्डन ने कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस के दिन ऋतु राज बसंत पंचमी का भी पर्व है, इसलिए गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में और भी उल्लास रहेगा और राष्ट्रीय ध्वज के साथ-साथ मां सरस्वती की भी वंदना की जाएगी। कार्यक्रम में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्य संरक्षक मेजर एस.के. सूरी, जिला संयोजक कर्नल संजय मिडढा, संजीव सचदेवा, बलदेव राज खुंगर,सुभाष चन्द शर्मा, संजय माहेश्वरी, नीरज सचदेवा, वैभव माहेश्वरी, अजय भारद्वाज, अखलाक आदि व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।