तीसरे दिन भी लाखों श्रद्धालुओं ने म्हाड़ी पर चढ़ाया प्रसाद व निशान

- सहारनपुर में गोगा म्हाड़ी पर मत्था टेकते श्रृद्धालु।
सहारनपुर। नगर निगम के तत्वावधान में वीर शिरोमणि जाहरवीर गोगाजी की स्मृति में आयोजित ऐतिहासिक मेला गुघाल के तीसरे दिन भी लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जाहरवीर गोगाजी महाराज की महाड़ी पहुंचकर प्रसाद व छड़ी का प्रतीक निशान चढ़ाकर मन्नतें मांगी।
गौरतलब है कि नगर निगम के तत्वावधान में सहारनपुर में जाहरवीर गोगाजी महाराज की स्मृति में उत्तर भारत के ऐतिहासिक मेला गुघाल का आयोजन किया जाता है जिसमें तीन दिन तक चलने वाले मेले में सहारनपुर ही नहीं बल्कि आसपास के प्रदेशों व अन्य जनपदों के श्रद्धालु भी भारी संख्या में म्हाड़ी स्थल पर पहुंचकर मत्था टेककर मन्नतें मांगते हैं। आज तीसरे दिन भी दूरदराज से आए लाखों श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर, प्रसाद व छड़ी का प्रतीक निशान चढ़ाकर मन्नतें मांगी। मेले में लाखों की भीड़ के चलते पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्री गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी व चौ. अनिल प्रताप सैनी ने बताया कि कल (आज) सभी छडिय़ां छड़ी मेले के समापन पर अपने-अपने स्थान पर पहुंच जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज की महाड़ी पर आकर प्रसाद व निशान चढ़ाते हैं, उनकी मनोकामना जरूर पूरी होती है। गुघाल मेले में श्री गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के महामंत्री विनय सिंघल, उपाध्यक्ष अशोक नाथ, कोषाध्यक्ष विकास सैनी, कमल कश्यप, राजेंद्र टहलवा, चेतन सैनी, विक्रम सागर, सुरेश, राकेश, विकास नामदेव, प्रवीण, कुलदीप, संदीप सैनी, मामो देवी, स्नेह लता, विनोद सेन, विनेश, विकास उपाध्याय का सहयोग रहा।