देवबंद में भी पूर्व विधायक समेत सपा नेताओं को घरों में किया नजरबंद, पुलिस के रहे पुख्ता इंतजाम

देवबंद में भी पूर्व विधायक समेत सपा नेताओं को घरों में किया नजरबंद, पुलिस के रहे पुख्ता इंतजाम
  •  कृषि कानून के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन की तैयारी में जुटे पूर्व विधायक माविया अली समेत सपा नेताओं को पुलिस ने सोमवार को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए नगर की सीमाओं में घुसने वाले सभी रास्तों को भी सील कर दिया।

देवबंद [24CN] : सोमवार को सुबह ही एसडीएम राकेश कुमार, सीओ रजनीश उपाध्याय और प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी पूरे दलबल के साथ मोहल्ला दीवान पहुंचे और पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ सपा नेता माविया व उनके पुत्र हैदर अली को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया। वहीं, शिक्षक नगर में वरिष्ठ सपा नेता एवं  सहकारी गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन चै. प्रविंद्र सिंह के घर पहुंच पुलिस ने उन समेत जिला उपाध्यक्ष तौफीक अहमद जग्गी, जिला सचिव प्रदीप चैधरी, जिला महामंत्री भीम त्यागी, लुकमान त्यागी, सद्दाम कुरैशी, परवेज आलम, बिजेंद्र जौहरी, मुनशाद व शमशाद को नजरबंद किया। तल्हेड़ी बुजुर्ग में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र पंवार, शिवपुर में अमित गुर्जर, बैरून कोटला में नगराध्यक्ष रमजानी कुरैशी और पूर्व जिला महामंत्री सिकंदर को बडजियाउलहक स्थित उनके आवास पर नजरबंद किया गया। सभी के घरों के बाहर पुलिस बैठा दी गई।

जबकि दिल्ली से लौटते समय पूर्व एमएलसी उमर अली व उनके साथी को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रोक लिया गया। पूर्व विधायक माविया अली, चैधरी प्रविंदर सिंह और सिकंदर अली ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। किसानों पर जबरन कृषि कानूनों को थोपा जा रहा है। सपाई पुलिस की बंदिश से डरने वाले नहीं है। सपा का किसानों को समर्थन जारी रहेगा। उधर, पुलिस प्रशासन द्वारा चैकन्ना रहा और नगर की सीमाओं पर पुलिस बल तैनात दिखा।