‘सौ दुकानों से हटाया अतिक्रमण, सामान भी किया जब्त
- सहारनपुर में अतिक्रमण हटवाते नगर निगम अधिकारी
सहारनपुर। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गयी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने आज विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। करीब सौ दुकानों का अस्थायी अतिक्रमण हटवाया और दस दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। सड़क पर रखे बोर्ड व कुछ अन्य सामान भी जब्त कर निगम लाया गया। शहर के प्रताप नगर (रायवाला), मण्डी समिति रोड व जेबीएस कॉलेज से पक्का बाग तक सड़कों पर अतिक्रमण करने सम्बंधी शिकायत कुछ लोगों द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गयी थी।
नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने उक्त मार्गो पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए करीब एक सौ दुकानों का अस्थायी अतिक्रमण हटाया और उन्हें चेतावनी दी गयी कि यदि भविष्य में अतिक्रमण पाया गया तो सामान जब्त करने के साथ ही भारी जुर्माना लगाया जायेगा। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग ने बताया कि दस दुकानदारों पर कुल 5400 रुपये जुर्माना भी लगाया गया। कुछ दुकानदारों ने जुर्माना देने में आनाकानी की तो उनका सामान जब्त कर निगम के वाहनों में भरकर निगम लाया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान दो मेज, दो बैंच और सड़क पर रखे एक दर्जन बोर्ड व होर्डिंग जब्त किये गए। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल की पूरी टीम मौजूद रही।
