पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की अगुवाई में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
- सहारनपुर में कोर्ट रोड पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान का दृश्य।
सहारनपुर [24CN]। नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने आज पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में कोर्ट रोड से हसनपुर चुंगी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले लोगों में अफरा-तफरी मची रही।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अतिक्रमण हटाने के सम्बंध में जारी किए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में आज नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. अर्चना द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश मिश्र, नगर मैजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी, सीओ यातायात रिजवान अहमद व अपर नगरायुक्त राजेश सिंह के नेतृत्व में कोर्ट रोड से हसनपुर चुंगी तक सड़क के दोनों ओर किया गया अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले लोगों में हड़कम्प मचा रहा। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्होंने पुन: अतिक्रमण किया तो कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस दौरान कोतवाली सदर बाजार प्रभारी हरेंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
