विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे रोजगार सेवक

विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे रोजगार सेवक
  • सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते ग्राम रोजगार सेवक।

सहारनपुर। ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति के बैनर तले रोजगार सेवकों ने अपनी मांगों के समर्थन में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री को सम्बोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति से जुड़े ग्राम रोजगार सेवक जिलाध्यक्ष घनश्याम सिंह राणा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए तथा अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि चार अक्टूबर 2021 को लखनऊ में मनरेगा कर्मियों के सम्मेलन में की गई घोषणाओं पर शासन स्तर द्वारा उचित निर्णय नहीं लिया गया है। जबकि संगठन द्वारा कई बार पत्राचार व वार्ता के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर अवगत कराया गया है। उनका कहना था कि वर्तमान समय में 7 हजार 788 रूपए प्रति मिल रहे हैं परंतु 22 माह बाद भी 2212 रूपए ईपीएफ के खाते में जमा नहीं किए गए हैं जिससे किसी भी मनरेगा कर्मचारी की मृत्यु पर उसके आश्रित को कोई लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने मृतकाश्रित का उसी पद पर समायोजन करने, ग्राम रोजकार सेवकों से मूल ग्राम पंचायतों के साथ रिक्त ग्राम पंचायतों में भी कार्य लिया जाना चाहिए।

उनका कहना था कि जॉब चार्ट में अन्य कार्य जोडऩे के सम्बंध में 18 नवम्बर 2021 तथा उसके बाद विभाग द्वारा कई बार शासन को रिमाइंडर भेजा गया है जिसके अंतर्गत चार विभागों के काम जोडऩे थे परंतु केवल प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास की जीओ टैग के ही कार्य जोड़े गए हैं। उन्होंने अन्य कार्यों को भी जॉब चार्ट में जोडऩे, बकाया मानदेय दिलाए जाने तथा रोजगार सेवकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिलाए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में संगीता राणा, अब्दुल मन्नान, रवि शर्मा, राजपाल सिंह, सोहेल खान, सहदेव कुमार, मनोज, राजेश, सोमपाल सिंह, मिनाक्षी, चंद्रपाल, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।