भाजपा के इशारे पर कार्य कर रहा है चुनाव आयोग: प्रदीप नरवाल
- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल।
सहारनपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के इशारे पर कार्य कर रहा है और दलित, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक वर्ग के मतों को व्यवस्थित रूप से समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस मुद्दे पर उग्र आंदोलन करेगी और जनता के सहयोग से इतिहास रचने का काम करेगी।
राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल आज गुरूद्वारा रोड स्थित कांग्रेस महानगर कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर सर्वे पूरी तरह भाजपा प्रेरित है और इसे केवल राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से लागू किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में इसी प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 28 लाख वोट काटे गए, जिन्हें बाद में कोर्ट के आदेश पर पुन: जोड़ा गया। यह पूरे लोकतांत्रिक ढांचे और जनता के अधिकारों के साथ मजाक है।
नरवाल ने चुनाव आयोग को पूरी तरह भ्रष्ट और निष्पक्षता से दूर बताते हुए कहा कि आयोग भाजपा की कठपुतली बन चुका है और वह लोकतंत्र की रक्षा करने के बजाय कमजोर वर्गों के मतों को निशाना बनाने में लगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इस मुद्दे पर देशभर में जनजागरण अभियान शुरू करेगी और जनता के समर्थन से सरकार को कड़ा सबक सिखाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संदीप राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, पूर्व जिला अध्यक्ष चैधरी मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती श्वेता सैनी, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरैशी, महानगर अध्यक्ष अमरदीप जैन, प्रवक्ता गणेश शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिओम मिश्रा सहित मुजफ्फरनगर एवं शामली के पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
