स्कूल ऑफ लॉ एंड कांस्टीट्यूशनल स्टडीज विभाग द्वारा एक दिवसीय थाना गंगोह का शैक्षिक भ्रमण

स्कूल ऑफ लॉ एंड कांस्टीट्यूशनल स्टडीज विभाग द्वारा एक दिवसीय थाना गंगोह का शैक्षिक भ्रमण

गंगोह: शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में बृहस्पतिवार को स्कूल ऑफ लॉ एंड कांस्टीट्यूशनल स्टडीज विभाग द्वारा एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

विधि विभाग के छात्र एवं छात्राओं के लिए प्रमोद कुमार गोयल, पूर्व ज़िला व सत्र न्यायाधीश तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार एवं सहायक प्रोफेसर मुकेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में ऐतिहासिक थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। वर्ष 1907 से निरंतर कार्यरत यह थाना अब आधुनिक पुलिसिंग का केंद्र बन चुका है, जहाँ मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला हेल्प डेस्क, कम्पयूटर सेल तथा सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network and Systems) के माध्यम से डिजिटल केस प्रबंधन की उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इस एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर 3 अध्यापक सहित 50 विद्यार्थी शामिल रहे।

इस दौरे के दौरान विद्यार्थियो को एफआईआर पंजीकरण, जीडी प्रविष्टियाँ, विवेचना प्रक्रिया, तथा 1090 (महिला पावर लाइन), 1091 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्डलाइन) जैसी जनसहायक सेवाओं के संचालन की प्रत्यक्ष जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक पीयूष दीक्षित तथा नायब तहसीलदार, नकुड़ श्री धर्मेन्द्र सक्सेना ने थाना परिसर के विभिन्न भागों—एफआईआर एवं जीडी डेस्क, मालखाना, लॉकअप, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, डायल-112 यूनिट, का अवलोकन करवाया तथा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों के व्यावहारिक अनुप्रयोग से अवगत कराया।

इस एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर विद्यार्थियों की प्रक्रियात्मक कानून, नागरिक अधिकार, साक्ष्य संरक्षण एवं पुलिसिंग के नैतिक पक्ष की समझ को गहरा किया। संस्थान ने इस महत्वपूर्ण शैक्षिक अनुभव के लिए श्री पीयूष दीक्षित एवं श्री धर्मेन्द्र सक्सेना के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के लिए शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह, कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने शैक्षिक भ्रमण के आयोजकों और छात्र एवं छात्राओं को शुभकामनाएं दी।