महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के घर ED का छापा, मनी लांड्रिंग का है केस
- महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के घर ED का छापा
नागपुर: महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के नागपुर (Nagpur News) स्थित घर पर प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार सुबह छापा मारा है. ईडी ने देशमुख के खिलाफ इस साल मई में मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया था. गौरतलब है कि इस साल मार्च में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखकर राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. यही नहीं, इस विवाद के बाद परमबीर सिंह को मुंबई के पुलिस आयुक्त पद से हटाकर राज्य होम गार्ड्स का महानिदेशक नियुक्त करने के बाद सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था.
हालांकि प्रवर्तन निदेशालय को इस छापेमारी में क्या-क्या मिला है, अब तक इसकी जानकारी सामने नहीं आई है, मगर माना जा रहा है कि देशमुख से इस मामले में पूछताछ की जा सकती है. इससे पहले ईडी ने गुरुवार को डीसीपी राजू भुजबल का बयान दर्ज किया था. इससे पहले अप्रैल में सीबीआई ने मामले के सिलसिले में देशमुख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके चार परिसरों पर छापेमारी की थी. देशमुख के घर छापेमारी से पहले ईडी की टीम शिवाजी नगर स्थित सागर भटेवार के आवास और दफ्तर समेत कम से कम तीन जगहों पर छापेमारी कर चुकी है. समझा जाता है कि भटेवार का देशमुख के साथ कुछ वित्तीय लेन-देन था.
गौरतलब है कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि राकांपा नेता देशमुख ने कुछ पुलिस अधिकारियों को मुंबई के बार व रेस्तरां से 100 करोड़ रुपये प्रत्येक माह इकट्ठा करने का लक्ष्य दिया था. दूसरी ओर, देशमुख ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया और पांच अप्रैल को तब इस्तीफा दे दिया था जब बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई को भ्रष्टाचार के आरोपों में उनके खिलाफ शुरुआती जांच करने का निर्देश दिया था. सीबीआई के बाद ईडी ने देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
