मानव जीवन को बचाने के लिए पारिस्थितिकी तंत्र कर बहाली जरूरी

सहारनपुर [24CN] । विश्व प्रसिद्ध पर्यावरणविद् व गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के पूर्व रजिस्ट्रार डा. दिनेश भट्ट ने कहा कि पर्यावरण दिवस मनाने का उद्देश्य यही है कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक और सचेत किया जा सके।

डा. दिनेश भट्ट आज यहां लायंस क्लब इंटरनेशनल के मंडलीय पर्यावरण चेयरपर्सन लायन संजय भसीन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता विषय पर आयोजित सेमिनार को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रकृति के बिना मानव जीवन कुछ भी नहीं है। इसलिए अपने पर्यावरण में शामिल पेड़-पौधे, जंगल, पहाड़, जीव-जंतु, नदियां व झरने के महत्व को समझना चाहिए और कोई ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे इन सभी पर्यावरण के जैविक व अजैविक अंगों को नुकसान पहुंचे।

उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की अशुद्धता को देखते हुए यह समझना बहुत जरूरी हो गया है कि सम्पूर्ण मानवता का अस्तित्व प्रकृति पर निर्भर है। अगर प्रकृति का अस्तित्व नहीं रहा तो मानव जीवन खत्म होने लगेगा। यह अंदाजा लगाना नामुमकिन है और इसी उद्देश्य को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का संकल्प लिया है। मल्टीपल जीएलटी के को-आर्डिनेटर लायन विनय मित्तल ने सदस्यों से पर्यावरण संरक्षण के लिए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

मंडल अध्यक्ष डा. अश्विनी काम्बोज ने बताया कि इस वर्ष अब तक लायन सदस्यों द्वारा 7800 पौधे लगाए जा चुके हैं। सेमिनार को आगामन मंडल अध्यक्ष लायन गौरव गर्ग, प्रथम मंडल अध्यक्ष रजनीश गोयल, द्वितीय मंडल अध्यक्ष पंकज विजल्वाण ने भी सम्बोधित किया। बैठक का शुभारम्भ लायनेस कल्पना सैनी ने ध्वज वंदना से किया। लायनेस एकता भाटिया मिड्ढा ने स्वागत किया। सेमिनार का संचालन लायन संजय भसीन ने किया।