EC ने राहुल गांधी को भेजी एडवायजरी, PM मोदी के खिलाफ बयानबाजी पड़ी भारी
New Delhi: देश में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर है. इस बीच नेताओं और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी का सिलसिला भी शुरू हो गया है. नेता और दूसरे को नीचा दिखाने की कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं. ऐसे में अपनी बयानबाजी के लिए चर्चित कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव आयोग के निशाने पर आ गए हैं. चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को जनसभाओं के दौरान दिए भाषणों में सतर्कता बरतने की एडवायजरी जारी की है. चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को भविष्य में रैलियों के दौरान अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है. आपको बता दें कि राहुल गांधी ने नवंबर 2023 में बीजेपी नेताओं और पीएम मोदी के लिए जेबकतरा और पनौती जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था. उस समय यह मामला काफी सुर्खियों में रहा था और दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा था. अदालत ने चुनाव आयोग से इसको लेकर कार्रवाई करने की बात कही थी.
भारतीय चुनाव आयोग ने पीएम मोदी के लिए जेबकतरे और पनौती जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नोटिस भी भेजा है. एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आयोग की तरफ से राहुल गांधी को यह नोटिस एक मार्च को भेजा गया है. इसके साथ ही उनको चुनावी अभियान के दौरान खास ध्यान रखने के लिए कहा है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राहुल गांधी अपनी पार्टी कांग्रेस के स्टार कैंपेनर हैं.
आयोग ने राहुल गांधी को इससे पहले पिछलेे साल 23 नवंबर को नोटिस जारी किया था, जिस समय पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहा था. राजस्थान में एक रैली के दौरान 22 नवंबर को राहुल ने प्रधानमंत्री के संदर्भ में पनौती और जेबकतरा शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए आयोग ने अगले दिन उन्हें नोटिस जारी किया था. प्रधानमंत्री के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी का मामला बाद में दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा, हाईकोर्ट चुनाव आयोग को इस पर आठ सप्ताह में निर्णय लेने को कहा था. आयोग ने विचार-विमर्श के बाद राहुल को एडवाइजरी के रूप में चेतावनी दी है.
