दिल्ली में धूल भरी आंधी की चेतावनी, 10 जून से इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना, पढ़ें IMD ने क्या कहा?

दिल्ली में धूल भरी आंधी की चेतावनी, 10 जून से इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना, पढ़ें IMD ने क्या कहा?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 10 जून से देश के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि देश के दक्षिणी राज्यों और पश्चिम में तटीय इलाकों में 10 जून से भारी बारिश शुरू हो सकती है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है। मानसून समय से पहले ही दस्तक दे चुका है और देश के सभी हिस्सों में फैल रहा है। 10 जून से देश के अधिकतर हिस्सों में बारिश शुरू होने की संभावना है।

दिल्ली का हाल

मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सफदरजंग निगरानी स्टेशन ने अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस, पालम में 43.6, लोदी रोड में 42.3, रिज में 42.9 दर्ज किया, जबकि आयानगर में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26 से 29. 2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें आयानगर में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 29. 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, इस क्षेत्र में लू की स्थिति नहीं बनी है, तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी ने कहा कि 12 जून तक गर्मी और उमस की स्थिति जारी रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार रविवार शाम 6 बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई, जिसमें वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 198 रहा।

राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म

आठ जून को राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर और बारमेर जैसे शहरों में का तापमान भी 45 डिग्री से ज्यादा रहा। हरियाणा में रोहतक, उत्तर प्रदेश में झांसी, मध्य प्रदेश में नौगांव और दिल्ली में आयानगर सबसे गर्म इलाके रहे। राजस्थान के छह शहरों में पारा 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *