सपा, बसपा व कांग्रेस के शासनकाल में था गुंडागर्दी का बोलबाला: स्वतंत्र देव

सपा, बसपा व कांग्रेस के शासनकाल में था गुंडागर्दी का बोलबाला: स्वतंत्र देव
  • सहारनपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत करते पार्टी पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस के शासनकाल में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार का बोलबाला था तथा राज्य में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थी। जबकि भाजपा ने सत्ता में आते ही एक ओर जहां कानून का राज स्थापित किया तथा बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने का काम किया गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आज यहां दिल्ली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, शोषित व वंचितों की सरकार है जिसका उद्देश्य प्रत्येक गरीब व प्रत्येक गांव का उत्थान है। इसी दिशा में सरकार द्वारा अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। चाहे आयुष्मान योजना हो, उज्जवला योजना हो अथवा कोई अन्य योजना हो, 2024 तक प्रत्येक कच्चे मकान वाले को सरकार द्वारा पक्का मकान दे दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा है जो पं. दीनदयाल उपाध्याय व डा. श्यामप्रसाद मुखर्जी के विचारों को साकार करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के समय स. पटेल के कहने के बावजूद नेहरू ने विवादों का हल नहीं किया तथा कांग्रेस 70 साल तक इन्हें लटकाए रही। जबकि केंद्र की मोदी सरकार ने एक ही झटके में धारा-370 व 35ए को हटाने का काम किया। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपीए सरकार में कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को काल्पनिक बता दिया।

शंकराचार्य की गिरफ्तारी की गई तथा हिंदू आतंकवाद जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि यह वह देश है जहां गुरू गोविंद सिंह ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना परिवार न्यौछावर कर दिया था। उन्होंने कहा कि कश्मीर में सेना पर पत्थर नहीं फेंके जाते तथा आतंकवाद खात्मे की ओर है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में अध्यापिका की हत्या पर विपक्ष कुछ नहीं बोला, न ही आतंकवाद का विरोध किया। उन्हें लगता है कि आतंकवाद का विरोध करने पर उनकी तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चल पाएगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि मोदी व योगी सरकार में बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ समान रूप से पात्र लोगों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख तक की संरचना पार्टी द्वारा तैयार कर ली गई है तथा सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ताओं को करना है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ी पार्टी और पार्टी से बड़ा राष्ट्र है। भाजपा कार्यकर्ता स्वार्थ की नहीं अपितु राष्ट्र की राजनीति करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश हित में एक बार फिर भाजपा सरकार बनना आवश्यक है।

बैठक में सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक कीरत सिंह, प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन सिंह, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, महापौर संजीव वालिया, जिला पंचायत चेयरमैन मांगेराम चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, अमित अग्रवाल, कुश पुरी, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर, महावीर राणा, रविंद्र मोल्हू, लाजकृष्ण गांधी समेत भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।