shobhit University Gangoh
 

मलेशिया दौरे पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के इस साथी से मिले PM मोदी, जिन्होंने “आजाद हिंद फौज में किया था काम”

मलेशिया दौरे पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के इस साथी से मिले PM मोदी, जिन्होंने “आजाद हिंद फौज में किया था काम”

कुआलालंपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कुआलालंपुर में आजादी के नायक रहे नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथी और भारतीय राष्ट्रीय सेना (INA) यानी आजाद हिंद फौज के वेटरन जयराज राजा राव से मुलाकात की। उन्होंने INA के असाधारण साहस, विरासत और बलिदान के लिए सभी भारतीयों की ओर से आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “हम नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज के बहादुर महिलाओं-पुरुषों के प्रति हमेशा ऋणी रहेंगे, जिनके पराक्रम ने भारत के भाग्य को आकार दिया।”

INA वेटरन से मुलाकात को बताया शानदार

पीएम मोदी ने कहा कि INA वेटरन राव से हुई मुलाकात को शानदार बताया। उन्होंने लिखा कि राव से मिलना “बहुत खास” था।  “उनका जीवन अपार साहस और बलिदान से भरा है। उनका अनुभव सुनना बहुत प्रेरणादायक था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने “INA के असाधारण साहस, विरासत और बलिदान के लिए सभी भारतीयों की ओर से आभार” व्यक्त किया।

 

 

1943 में कुआलालंपुर में सुभाष चंद्र बोस के भाषण ने युवाओं को जोड़ा

नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने सितंबर 1943 में कुआलालंपुर के सेलांगोर पैडांग (Dataran Merdeka या इंडिपेंडेंस स्क्वायर) में हजारों अनुयायियों को जोशीला संबोधन दिया था, जिसने कई युवाओं को भारतीय स्वतंत्रता के संघर्ष में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।  वेटरन जयराज राजा राव भी उन्हीं में से एक हैं, जिन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज में शामिल होकर उनके साथ काम किया और देश की आजादी में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। मोदी दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर हैं, जिसमें दोनों पक्षों ने रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के लिए कई नई पहलें शुरू कीं।

Jamia Tibbia