जनपद में उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दुल्हेंडी पर्व

जनपद में उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दुल्हेंडी पर्व
  • सहारनपुर में अबीर-गुलाल लगाकर होली खेलते नागरिक व पुलिस लाईन में होली का जश्न मनाते पुलिसकर्मी।

सहारनपुर। जनपद में दुल्हेंडी पर्व बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुरूषों, महिलाओं व बच्चों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकार होली की बधाई दी। उधर जनपद में आज पुलिसकर्मियों द्वारा उमंग व हर्षोल्लास के साथ दुल्हेंडी पर्व मनाया गया।

गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति में फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को मनाए जाने वाले होली त्यौहार से अगले दिन दुल्हेंडी पर्व मनाया जाता है। दुल्हेंडी पर्व पर सुबह से बच्चों में उत्साह देखने को मिला। महिलाओं व बच्चों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। ढोल की थाप व डीजे की धुन पर होली के गानों पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे पानी के गुब्बारों से होली खेलते नजर आए। होली पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद के सभी थानों क्षेत्रों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करते नजर आए ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े। पूरे दिन पुलिस की गाडिय़ों जनपद भर भ्रमण करती नजर आई। उधर दुल्हेंडी पर्व के मद्देनजर सरकार के निर्देश पर शराब के ठेके बंद रहे जिस कारण शराब पीने के आदी शराब की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। उधर आज जनपद में पुलिसकर्मियों द्वारा जमकर होली खेली गई।

पुलिस लाईन में आयोजित होली कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताड़ा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, एसपी देहात सागर जैन, एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक नगर प्रथम अजेंद्र यादव, पुलिस उपाधीक्षक नगर द्वितीय चित्रांशु गौतम ने सहकर्मियों को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इसके अलावा जनपद के विभिन्न थानों में भी पुलिसकर्मियों द्वारा होली के गीतों पर नृत्य करते हुए जमकर होली खेली गई।