राजस्थान के चूरू में DSP ने महिला पुलिसकर्मी के साथ की अभद्रता

राजस्थान के चूरू में DSP ने महिला पुलिसकर्मी के साथ की अभद्रता

चूरूः राजस्थान के चूरू में महिला पुलिसकर्मी से अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल हो रहा है। चूरू में कांग्रेस के हल्लाबोल प्रदर्शन के दौरान एक वाकया हुआ। पुलिस कानून व्यवस्था में व्यस्त दिखी। इसी दौरान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में DSP सुनील झाझड़िया झिल्लाते हुए महिला पुलिसकर्मी के पीठ पर मारते हुए नजर आ रहे है। हालांकि कांस्टेबल की ओर से अभी तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पर पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि इंडिया टीवी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

DSP ने महिला पुलिसकर्मी के साथ की अभद्रता 

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता रोड पर जा रहे हैं। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी दूसरी ओर जा रही थी। तभी मौके पर मौजूद डीएसपी ने महिला कांस्टेबल को पीठ पर मारकर उसे प्रदर्शनकारियों की ओर आने का हाथ से इशारा करते दिख रहे हैं। वीडियो में डीएसपी पुलिसकर्मी पर चिल्लाते हुए भी दिख रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि डीएसपी के साथ कई अन्य पुलिसकर्मी प्रदर्शन कर रहे लोगों की ओर भाग रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे थे कांग्रेस कार्यकर्ता

आपको बता दें चूरू में सोमवार को कांग्रेस ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। चूरू सांसद राहुल कस्वां और कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस से कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रशासन ने 5 लोगों के प्रतिनिधिमंडल को अंदर आने को कहा। इसे लेकर कांग्रेस नेताओं और प्रशासन के बीच चर्चा चल रही थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अचानक कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया तो पुलिस उन्हें रोकने के लिए दौड़ी।