डीआरएम विनोद भाटिया ने किया सहारनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण
- सहारनपुर में रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते डीआरएम।
सहारनपुर। उत्तर रेलवे अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद भाटिया ने मंगलवार देर शाम सहारनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा, बेहतर सुविधाएं और सुगम यात्रा सुनिश्चित कराने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम विनोद भाटिया विशेष रेलगाड़ी से सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने मंडल व स्थानीय अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, बुकिंग विंडो, यात्री विश्रामालय, पार्सल कार्यालय तथा स्टेशन परिसर के आसपास के क्षेत्रों का अवलोकन किया। इसके साथ ही स्टेशन पर चल रहे रंग-रोगन एवं सफाई कार्यों की भी बारीकी से समीक्षा की। डीआरएम के आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। स्टेशन पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चैबंद रखी गईं और अधिकारी व कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर मुस्तैदी से तैनात नजर आए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम विनोद भाटिया ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि साफ-सफाई के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें सुगम व सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अंबाला मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं सहारनपुर रेलवे स्टेशन के स्थानीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
