shobhit University Gangoh
 

संयमित तरीके से वाहन को चलाएं चालक: एसपी यातायात

संयमित तरीके से वाहन को चलाएं चालक: एसपी यातायात
  • सहारनपुर में वाहन चालकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करता वक्ता।

सहारनपुर [24CN] । पुलिस अधीक्षक यातायात प्रेमचंद ने कहा कि सभी वाहन चालक यातायात के नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन को संयमित तरीके से चलाएं ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। पुलिस अधीक्षक यातायात प्रेमचंद आज सम्भागीय परिवहन कार्यालय के तत्वावधान में मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बेहट बस अड्डा पर आयोजित बस चालकों व परिचालकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने वाहन चालकों की तुलना सारथी से करते हुए कहा कि जिस तरह भगवान श्रीकृष्ण द्वारा सारथी की भूमिका का वहन बड़ी सावधानी से किया गया, उसी तरह वाहन चालक भी यातायात नियमों का सावधानीपूर्वक पालन करते हुए अपने वाहन चलाएं। सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राधेश्याम ने बस मालिकों से समय-समय पर अपने वाहन चालकों का स्वास्थ्य, नेत्र परीक्षण अवश्य कराए जाने की अपील की।

साथ ही उन्होंने समय-समय पर गाडिय़ों की फिटनेस की जांच कराए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन आर. पी. मिश्रा ने वाहन चालकों को उनकी जिम्मेदारी का बोध कराते हुए कहा कि यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी वाहन चालक की होती है। इसलिए वाहन चालकों को अपनी भूमिका का निर्वहन गम्भीरता व सावधानीपूर्वक करना चाहिए। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि महिला यात्रियों के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम को यात्री/माल कर अधिकारी खेमानंद पांडेय, सहारनपुर- शाकम्भरी बस यूनियन के अध्यक्ष मामचंद गोयल, प्रबंधक राजेंद्र चौधरी, मुकेश त्यागी ने भी सम्बोधित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारी संख्या में बस चालक व परिचालक मौजूद रहे।

Jamia Tibbia