रालोद प्रेरणा दिवस के रूप में मनाए डा. अम्बेडकर की जयंती

- सहारनपुर में रालोद की बैठक को सम्बोधित करते चौ. नीरपाल सिंह।
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल की मासिक बैठक में आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर की जयंती प्रेरणा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। स्थानीय हकीकत नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसानों के महान नेता चौ. अजित सिंह की पुण्यतिथि पर आगामी 6 मई को स्पोट्र्स स्टेडियम में बड़े स्तर पर खेलों के बड़े आयोजन कराने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि भाजपा शासनकाल में किसान, मजदूर, गरीब, नौजवान और मातृ शक्ति सभी वर्ग परेशान हो रहा है। महंगाई ने कमर तोड़ दी है। अब जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा की जुमलेबाजी का जवाब वोट की चोट से देंगे। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। किसानों की बर्बाद हुई फसलों का अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। केवल खोखली घोषणा से भाजपा जनता को गुमराह कर रही है।
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शमीम अहमद, वरिष्ठ नेता चौ. अर्जुन सिंह, रिंकू सोनकर व अनुज वर्मा ने कहा कि जनता अब भाजपा के विकल्प के रूप में रालोद को देख रही है क्योंकि राष्ट्रीय लोकदल हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्मों का संगम है जिसमें भाईचारा दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के हाथों को मजबूत बनाने का काम करें। बैठक में साजिद अली, प्रदीप छोटा, शरण दास सोनकर, चौ. अरविंद मलिक, दीपक कुमार, नरेंद्र सिरोही, जगपाल सिंह, चौ. राजू, नीरज कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।