दर्जनों लोगों ने की कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण

- सहारनपुर में कांग्रेस में शामिल होने वालों का स्वागत करते पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के समक्ष अखिल भारतीय कल्याण एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष चौ. मुन्ना कुमार ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। स्थानीय गुरूद्वारा रोड स्थित कांग्रेस महानगर कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कांग्रेस में शामिल होने वाले लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि आज देश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है और उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में कांग्रेस को ही एकमात्र विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि उन्हें संगठन में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा व जिला उपाध्यक्ष स. चंद्रजीत सिंह निक्कू ने कांग्रेस में शामिल होने वालों का स्वागत करते हुए अपील की कि वे अपने जिन सेवा कार्यों के चलते सफलता के मुकाम पर पहुंचे हैं उसे आगे भी जारी रखें क्योंकि समाज सेवा ही कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य व संस्कृति है। चौ. मुन्ना कुमार ने कहा कि जब आज देश की अर्थव्यवस्था रसातल में पहुंच गई है, महंगाई आसमान छू रही है तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था लचर हो गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है, ऐसी स्थिति में कांग्रेस ही नागरिकों को इससे निजात दिलाने में सक्षम है। इसलिए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होकर पार्टी को मजबूत बनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान बोबी देवी, वीरेंद्र गिरि, पवन सिंह, अनिल यादव, संतोष कुमार, वीर बहादुर, रामजी यादव, दिनेश तिवारी, बिट्टू तिवारी, लियाकत, गुलजार अली, पप्पू तिवारी, मुन्ना तिवारी आदि ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष शशी वालिया, युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, अरविंद पालीवाली, नितिन शर्मा, अर्चित जैन, मोबीन गाड़ा, शक्ति जायसवाल, आरिफ, नसीब खान आदि मौजूद रहे।