दर्जनों किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर के लिए किया कूच

सहारनपुर [24CN]। विगत आठ माह से कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग को लेकर दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसानों के धरने में शामिल होने के लिए भारी संख्या में किसान नागल में एकत्र हुए तथा उन्होंने नारेबाजी के बीच गाजीपुर बॉर्डर के लिए कूच किया।

गौरतलब है कि विगत माह से केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर किसानों का धरना चल रहा है। इसी के मद्देनजर आज भारी संख्या में किसान नागल में एकत्र हुए। किसानों को सम्बोधित करते हुए पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार ने कहा कि सरकार या तो मनमानी छोड़ दे अन्यथा 2022 के विधानसभा चुनाव में किसान भाजपा को अपना वजूद दिखाएगा। उन्होंने कहा कि देश किसानों का है तथा विकास का रास्ता किसानों से ही होकर जाता है। उन्होंने कहा कि यदि देश का किसान परेशान हैं तो विकास की कल्पना करना बेमानी होगा। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह, अशोक कुमार, मेवाराम, अमित मुखिया, मा. रघुवीर सिंह, कालूराम, मनीष आमकी, पदम सिंह, सुरेश सैनी, अनूप सिंह, जितेंद्र चौधरी, भगत सिंह, निर्भया फौजी, विवेक पुंडीर, रितिक चौधरी आदि रहे।