बेसहारा गौवंश के लिए 373 कुंतल भूसा किया दान

- सहारनपुर में बेसहारा गौवंश के लिए भूसा लेकर जाते दानदाता।
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार द्वारा जनपद में निराश्रित/बेसहारा गौवंश हेतु संचालित सभी गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गौवंश के लिए भूसा दान किए जाने की अपील से प्रेरित होकर किसान व दानदाताओं द्वारा अब तक 373 कुंतल भूसा गौ आश्रय स्थलों पर पहुंचाया गया है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव कुमार ने बताया कि जनपद में निराश्रित/ बेसहारा गौवंश हेतु संचालित सभी गौ आश्रय स्थलों पर संरक्षित गौवंश के लिए वर्ष भर के लिए भूसा संरक्षित करने की योजना के तहत जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार द्वारा दान में अधिक से अधिक भूसा हासिल करने के लिए आम जनता को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए थे। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अपील से प्रेरित होकर किसानों व दानदाताओं द्वारा अब तक विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर 373 कुंतल भूसा दानस्वरूप पहुंचाया गया है। उन्होंने आम जनता से गौवंश के लिए अधिक से अधिक भूसा पहुंचाने की अपील की।