डीएम-एसएसपी ने संत रविदास जयंती की तैयारियों के संबंध में की बैठक

डीएम-एसएसपी ने संत रविदास जयंती की तैयारियों के संबंध में की बैठक
सहारनपुर में कलक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक को सम्बोधित करते डीएम एवं एसएसपी।

सभी आयोजकों से की पर्व को शान्तिपूर्वक मनाने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील
परंपरागत तरीकों से मनाएं पर्व, अफवाहों पर न दें ध्यान: जिलाधिकारी
शोभायात्रा के मार्ग पर न हो गडढे, विद्युत तारों को किया जाए दुरूस्त, साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान: बंसल
आयोजक पहले से अनुमति अनिवार्य रूप से लें: एसएसपी

सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द्र को बनाए रखते हुए संत रविदास जयंती को परम्परागत तरीके से मनाएं। जिलाधिकारी श्री बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में संत रविदास जयंती के पर्व पर शांति एवं कानून व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजकों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

बैठक में डीएम ने कहा कि सहारनपुर हमेशा से आपसी भाईचारा व गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है। सभी धर्म शांति का संदेश देते हैं। अगर कहीं पर कोई समस्या या विवाद है तो जिला प्रशासन को अवगत कराएं, समय रहते ही समस्या का उचित निस्तारण किया जाएगा। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कि एक दूसरे की धार्मिक भावनाएं आहत हों। शोभायात्रा परंपरागत मार्गों से ही निकाली जाए। अनावश्यक रूप से कोई नई परंपरा ना डालें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी भी समुदाय की भावनायें आहत हों। उन्होंने उपस्थित सभी आयोजकों से पर्व को शान्ति पूर्वक मनाने एवं कानून व्यवस्था बनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इसके साथ जिलाधिकारी ने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही। जिलाधिकारी श्री बंसल ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करें।

समस्त अधिकारियों को शोभायात्रा के रूटों पर साफ-सफाई एवं पानी की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया। विद्युत विभाग ध्यान रखें कि शोभायात्रा वाले मार्गों पर विद्युत तार यदि जर्जर हैं तो उन्हें बदला जाए या फिर सुनिश्चित किया जाए कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। नगर मजिस्ट्रेट, उप जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में संयुक्त रूप से आयोजकों, गणमान्य व्यक्तियों एवं नगर निगम या स्थानीय निकाय के अधिकारयों के साथ संयुक्त शान्ति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय स्तर पर पूर्व में हुई अप्रिय घटनाओं व समस्याओं पर विचार विमर्श करते हुए उनका निराकरण करें।

श्री बंसल ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं पंचायती राज के अधिकारियों को साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण द्वारा समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि शोभायात्रा की अनुमति के सम्बन्ध में प्रत्येक दशा में रूट चार्ट संलग्न किया जाये तथा आयोजकों को भी रूट चार्ट से अवगत करा दिया जाये एवं परम्परा के अनुसार ही शोभायात्रा निकाली जाये। उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पडऩे वाले संवेदनशील व अतिसंवेदनशील ग्रामों में निकाले जाने वाली शोभायात्राओं के संबंध में क्षेत्राधिकारियो व थानाध्यक्षों को विशेषरूप से सतर्क रहने हेतु निर्देश दिये गये। बैठक में  बैठक में डीएम एवं एसएसपी द्वारा संयुक्त रूप से थानावार समीक्षा भी की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात सागर जैन, एएसपी विवेक तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार, समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारीगण सहित समस्त शोभायात्रा आयोजक उपस्थित रहे।