डीएम व एसएसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं समस्याएं
- सहारनपुर में नगर कोतवाली में जनसमस्याएं सुनते डीएम व एसएसपी।
सहारनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताड़ा ने नगर कोतवाली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनकर अधीनस्थ अधिकारियों को उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र व एसएसपी डा. विपिन ताड़ा आज नगर कोतवाली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे जहां उन्होंने अपनी समस्याएं लेकर आए फरियादियों की फरियाद सुनकर सम्बंधित अधिकारियों को उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आने वाली फरियादों का अधिकारी व कर्मचारी गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण करें ताकि शासन की मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन की सार्थकता सिद्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने भी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर कोतवाली प्रभारी नीरज सिंह सहित कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक व अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
