शनिवार को देवबंद दारुल उलूम पहुंचे डीएम अखिलेश व एसएसपी विपिन टांडा

शनिवार को देवबंद दारुल उलूम पहुंचे डीएम अखिलेश व एसएसपी विपिन टांडा
  • डीएम व एसएसपी दारूलउलूम के जिम्मेदारों से बातचीत करते हुए

देवबंद [24CN]: आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर देशभर में मनाए जाने वाले आजादी के अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत डीएम और एसएसपी ने इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम पहुंचकर महोत्सव कार्यक्रम में सहयोग का आह्वान किया। इस दौरान प्रबंधतंत्र ने अधिकारियों को भरपूर सहयोग किए जाने का आश्वासन दिया।

शनिवार को दारुल उलूम पहुंचे डीएम अखिलेश सिंह व एसएसपी डा. विपिन टाडा का संस्था के कार्यवाहक मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी व नायब मोहतमिम मौलाना मुफ्ती राशिद आजमी ने मेहमानखाने में उनका स्वागत किया। इस दौरान डीएम अखिलेश सिंह ने संस्था के जिम्मेदारों को बताया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर पूरे देश में आजादी अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक ष्हर घर झंडाष् कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें दारुल उलूम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से पूरा सहयोग किए जाने की अपेक्षा की जाती है। क्योंकि दारुल उलूम से निकला संदेश पूरी दुनिया में जाता है। इस पर कार्यवाहक मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी ने कहा कि दारुल उलूम की स्थापना का मकसद ही देश की आजादी था। दारुल उलूम ने हमेशा राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया है। जंग-ए-आजादी की लड़ाई में दारुल उलूम और देवबंदी उलमा की मुख्य भूमिका रही है। नायब मोहतमिम मुफ्ती राशिद आजमी ने अधिकारियों को संस्था में दी जानी वाली तालीम, छात्रों के रहन सहन और यहां की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम दीपक कुमार, सीओ रामकरण, इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा, पालिका ईओ धीरेंद्र कुमार रॉय, जहीन अहमद, मौलाना असजद कासमी, मुफ्ती रिहान कासमी और मौलाना मुकीमुद्दीन आदि मौजूद रहे।