नदी में कूड़ा डालने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करें: मंडलायुक्त
- सहारनपुर में पांवधोई नदी का निरीक्षण करते मंडलायुक्त।
सहारनपुर [24CN]। मंडलायुक्त डॉ.लोकेश एम ने मंगलवार की सुबह पांवधोई सफाई अभियान का औचक निरीक्षक किया और सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने कुछ स्थानों पर और बेहतर सफाई के निर्देश भी दिए।
मंडलायुक्त ने सफाई के बाद नदी में कूड़ा डालने वाले लोगों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए। करीब एक माह पहले मंडलायुक्त डॉ लोकेश एम ने पांवधोई का निरीक्षण किया था और नगर निगम को नदी की सफाई कराने के आदेश दिए थे। उसके बाद से नगर निगम द्वारा पांवधोई नदी की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। मंडलायुक्त लोकेश एम मंगलवार की सुबह अचानक पांवधोई नदी पहुंचे और निगम द्वारा करायी जा रही पांवधोई नदी की सफाई का निरीक्षण किया।
नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन ने मंडलायुक्त को बताया कि निगम द्वारा प्रथम चरण में सब्जी मंडी पुल से राकेश सिनेमा तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नदी से भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा व शिल्ट निकाली गयी है और नदी में गंदगी फैला रहे पेड़ों की कंटाई-छंटाई भी करायी गयी है। मंडलायुक्त ने पुल जोगियान से दोनों ओर नदी की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद यह भी निरीक्षण किया कि फूल वालों ने अपने स्टॉल पर डस्टबिन रखे या नहीं। उन्होंने नवनिर्मित चतरा पुल के निकट नदी किनारे छोड़े गए स्थान के बारे में पूछा कि वहां दीवार क्यों नहीं बनायी गयी है? नगर स्वास्थय अधिकारी ने बताया कि उक्त स्थान पर नदी में जेसीबी उतारने के लिए रैम्प जायेगा।
मंडलायुक्त ने सफाई के बाद कुछ स्थानों पर कूड़ा-कचरा देखकर नगर स्वास्थय अधिकारी को निर्देश दिए कि नदी में कूड़ा डालने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराएं। मंडलायुक्त ने पुल जोगियान से राकेश सिनेमा रोड पर भी निरीक्षण किया और राकेश सिनेमा के निकट बने पुल पर खड़े होकर भी नदी की दोनों दिशाओं का जायजा लिया। उसी रोड पर बने शौचालय के निकट पडेघ् कुछ कचरे को उठवाकर और बेहतर सफाई कराने के भी निर्देश उन्होंने दिए।
