मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार व जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दी होली की शुभकामनाएं, सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण उत्सव मनाने की अपील
सहारनपुर। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने जनपद वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं तथा सभी से आपसी भाईचारे, समरसता और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की है।
मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि होली प्रेम, एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि सुरक्षित एवं मर्यादित ढंग से होली खेलें। जो व्यक्ति होली नहीं खेलना चाहता, उसकी भावनाओं का सम्मान करते हुए उस पर रंग न डालें। उन्होंने हर्बल रंगों के प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इस होली पर रंगों के साथ-साथ प्रेम और सकारात्मकता के रंग भी जीवन में भरें तथा राष्ट्र की उन्नति में सहभागी बनें।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने भी जनपदवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि केमिकल युक्त रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं, इसलिए इनके प्रयोग से बचें। साथ ही उन्होंने सभी से अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों से दूर रहने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक बुराइयों, कुरीतियों और नकारात्मकता को त्यागकर नई सोच, सकारात्मक आचरण और उमंग के साथ होली मनाएं, जिससे समाज में सद्भाव और भाईचारे का वातावरण सुदृढ़ हो।
