shobhit University Gangoh
 

प्रस्तावित किसान आंदोलन के निपटने के लिए आवश्यक तैयारी पूरी करें: जिला मजिस्ट्रेट

  • किसानों को आंदोलन के लिए उकसाने वालों को चिन्हित करें प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें: एसएसपी

सहारनपुर [24CN] । जिला मैजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह ने सभी उप जिलाधिकारियों पुलिस के आला अफसरों को निर्देश दिए कि किसानों के 26 जनवरी को लेकर प्रस्तावित आंदोलन से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में किसान संगठनों और नेताओं से बातचीत कर 26 जनवरी के प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करने का अनुरोध करें। उन्होंने कहा कि लेखपालों को सक्रिय करके किसानों को समझाने का प्रयास किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्साधिकारियों को सर्तक कर समुचित मात्रा में जीवन रक्षक दवांए और एम्बुलेंस आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान के साथ उत्पीडऩात्मक कार्यवाही न की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को आंदोलन के लिए उकसाने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाही की जाएं।

जिला मैजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह देर रात कलेक्टेऊट सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंदोलनरत किसानों का विवरण एकत्रित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी लेखपालों को आंदोलनरत किसानों से मिलकर समन्वय स्थापित करायें। उन्होंने कहा कि अगर कोई माहौल खराब करता है तो उसकी सूचना तत्काल दें, जिससे ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्यवाही की जा सकें। उन्होंने पुलिस के अफसरों को भी निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था की स्थिति से कोई समझौता न किया जाए। किसी भी तरह आम जनता को कोई परेशानी न होने पाए। ग्रामीण क्षेत्रों में माहौल खराब करने तथा किसानों को उकसाने वालों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध सख्ती बरती जाए।

उन्होंने कहा कि लेखपालों के पास सूचना होनी चाहिए कि किसान आंदोलन के लिए उनके क्षेत्र के कौन-कौन किसान सक्रिय है। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान आंदोलन में जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रालियों का भी रिकॉर्ड रखा जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस. चनप्पा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कानून- व्यवस्था का उल्लघंन न होने पाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अपनी सर्विलांस टीम और सूचनातंत्र को और अधिक सक्रिय किया जाए। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिशिचत किया जाए कि किसान आंदोलन की आड में राजनीति करने वाले लोगों कोई गलत कार्य न करने पाए। उन्होंने कहा कि एस.डी.एम. और पुलिस क्षेत्राधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थिति को नियंत्रण में करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों से अपील कराकर किसानों को समझाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना हैल्मेट के दो पहिया वाहनों पर न चलने दें। तीन सवारियों की अनुमति तो बिल्कुल भी ना दी जाए। उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में सभी कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कराएं। अनावश्यक किसी की भी गिरफ्तारी न की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एस.बी. सिंह, पुलिस अधीक्षक, नगर विनीत भटनागर, सिटी मजिस्ट्रेट श्री सुरेश सोनी, सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, परिवहन, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा सहित सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Jamia Tibbia