जिलाधिकारी मनीष बंसल ने प्रभु जी की रसोई में जरूरतमंदों को परोसा भोजन, सेवा कार्य को बताया अद्वितीय

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने प्रभु जी की रसोई में जरूरतमंदों को परोसा भोजन, सेवा कार्य को बताया अद्वितीय
  • सहारनपुर में प्रभुजी की रसोई में जिलाधिकारी का स्वागत करते संचालक।

सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आज नगर निगम स्थित प्रभु जी की रसोई पहुंचकर जरूरतमंदों को अपने हाथों से भोजन परोसा और संस्था के सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भूखे को भोजन देना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। इससे जो आत्मिक शांति मिलती है, वह अनमोल होती है।

जिलाधिकारी ने बताया कि उन्होंने 26 जून 2024 को सहारनपुर में अपना कार्यभार ग्रहण किया था और आज एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उन्होंने प्रभु जी की रसोई पहुंचकर इस दिन को समाज सेवा में समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सहारनपुरवासियों से मिला स्नेह और सम्मान अविस्मरणीय है, और मैं आने वाले समय में और अधिक मनोयोग से जनता की सेवा करता रहूंगा। इस अवसर पर प्रभु जी की रसोई के सचिव शीतल टण्डन एवं उनकी टीम ने जिलाधिकारी का माला, पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया।

सचिव टण्डन ने जानकारी दी कि प्रभु जी की रसोई वर्ष 2017 से लगातार संचालित है और अब तक लाखों जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क दोपहर का भोजन परोसा जा चुका है। यह रसोई विभिन्न व्यक्तियों के सहयोग से संचालित होती है, और लोग अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ जैसे विशेष अवसरों पर आकर स्वयं सेवा कार्य में भाग लेते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि भूखों को भोजन कराने से न केवल मन तृप्त होता है, बल्कि ऐसे नेक कार्यों से व्यक्ति को आशीर्वाद भी मिलता है, जो जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है।

उन्होंने प्रभु जी की रसोई को समाज के लिए एक प्रेरणा बताया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने जिलाधिकारी के सेवा भाव की सराहना की और प्रभु जी की रसोई के इस सामाजिक अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कर्नल संजय मिडढा, पं. जयनाथ शर्मा, मुरली खन्ना, रमेश अरोड़ा, मेजर एस.के. सूरी, अरुण भाटिया, भोपाल सिंह सैनी, कृष्ण लाल मिडढा, सन्नी भाटिया, सुरेंद्र सचदेवा, दिनेश सेठी, निशी जैन, राजीव अग्रवाल, डॉ. पी.के. शर्मा, के.एल. दावड़ा, मौ. युसूफ, हेमंत कपूर, संजीव सचदेवा, सुरेंद्र शर्मा, भूपेंद्र मोंगा, प्रवीण मोंगा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *