जिलाधिकारी मनीष बंसल ने की सड़क सुरक्षा समिति की गहन समीक्षा
सहारनपुर। जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आहूत की गई।
जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल के कुशल नेतृत्व एवं निरंतर सघन समीक्षा के दौरान दिये गये निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा चलाए गए सघन प्रवर्तन अभियान, अवैध ओवरलोडिंग पर नियंत्रण, यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन, ब्लैक स्पॉट सुधार कार्य एवं जन-जागरूकता अभियानों के परिणामस्वरूप दुर्घटनाओं में कमी हुई है।
अधिशासी अभियंता प्रांतीय खण्ड लोक निर्माण विभाग श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि माह जनवरी 2026 में जनपद में कुल सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई। मृतकों की संख्या में लगभग 7.7 प्रतिशत तथा समग्र रूप से दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में लगभग 20.8 प्रतिशत की कमी परिलक्षित हुई है।
जिलाधिकारी ने सकारात्मक प्रवृत्ति को सतत बनाए रखने को कहा। उन्होने निर्देश दिए कि जनपद में गठित क्रिटिकल कॉरिडोर टीम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सुझावों के आधार पर रोड मार्ग विभाग द्वारा कराए जा रहे सुधारात्मक कार्य एक उत्कृष्ट रोल मॉडल के रूप में स्थापित हों। जिनके माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ किए जाने हेतु टीम द्वारा समय-समय पर प्रदान किए जा रहे सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बनाई गई गूगल शीट पर संबंधित विभाग नियमित रूप से समन्वय स्थापित करें एवं अद्यतन प्रविष्टियों को अंकित करना सुनिश्चित करें।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अंडर एज वाहन चालकों एवं स्कूली बच्चों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही की जाए तथा इनके अभिभावकों को भी अवगत कराया जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों तथा हाईवे पर चलने वाले ईरिक्शा चालकों के विरुद्ध भी नियमित चालान सुनिश्चित किए जाएँ। जनपद में संचालित अवैध ओवरलोडिंग वाहनों तथा गन्ना/लकड़ी से लदी ट्रॉलियों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़क सुरक्षा सुदृढ़ हो एवं दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
श्री मनीष बंसल ने जानकारी देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार जनपद में “सड़क खाली करो अभियान” संचालित किया जाए। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों एवं मुख्य मार्गों पर यातायात अवरोध समाप्त कर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं विद्यालयों के आसपास किसी भी प्रकार के वाहन अव्यवस्थित रूप से खड़े न हों, यह सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाकर चिन्हित होल्डिंग एरिया में स्थानांतरित किया जाए। स्कूल बसों एवं अन्य बसों की फिटनेस की विशेष जांच कराई जाए तथा क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने वाले रिक्शा/स्कूली वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने बसों को भी अव्यवस्थित रूप से खड़ा न करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार प्रवर्तन कार्यवाही की जाएगी। अवैध बस स्टैंड, डग्गामार वाहन, अवैध ई-रिक्शा एवं ई-ऑटो के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए। नवयुवकों द्वारा किए जाने वाले स्टंट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना सुनिश्चित करें। प्रथम चरण में चालान, द्वितीय चरण में ड्राइविंग लाइसेंस जब्ती तथा तृतीय चरण में वाहन जब्ती/स्क्रैप की कार्यवाही नियमानुसार की जाए।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि सभी मुख्य मार्गों पर अवैध कट तत्काल बंद कराए जाएँ। किसी भी दशा में मुख्य मार्गों के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े न होने दिए जाएँ, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। उन्होने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण अपनाने तथा निर्धारित कार्यों की समयबद्ध समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संतोष बहादुर सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खण्ड लोक निर्माण विभाग श्री धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव, नगर निगम, एन०एच०ए०आई०, उपशा एवं अन्य मार्ग निर्माण विभागों के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
