जिलाधिकारी ने दिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के निर्देश

सहारनपुर [24CN]। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्देश्य नागरिकों को मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनिया, जेई/एईएस रोग के प्रति जनता को जागरूक करना है। उन्होंने माइक्रो प्लान के अनुसार अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को सहयोग करने के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी आज यहां कलक्ट्रेट सभागार में 1 से 30 अप्रैल तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 15 से 30 अप्रैल तक चलने वाले दस्तक अभियान की समन्वय समिति की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समय से सारी तैयारियां कर लें ताकि संचारी माह व दस्तक अभियान सुचारू रूप से चलाया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजीव मांगलिक ने कहा कि अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों को मच्छरजनति परिस्थितियां उत्पन्न न होने देने के बारे में जागरूक करेंगे ताकि संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार जैसी बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों के परस्कार सक्रिय सहयोग से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। पहले के दस्तक अभियान की भांति इस वर्ष भी दस्तक अभियान में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, इनफ्लुएंजा रोगियों, क्षय रोग के लक्षणयुक्त रोगियों व कुपोषित बच्चों की सूची बनाएगी। साथ ही क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची बनाई जाएगी जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया है। आशा कार्यकर्ता उन घरों के प्रमुख स्थानों पर स्टीकर लगाएगी जिन घरों में 15 वर्ष की आयु से कम के बच्चे हैं या क्षय रोग से ग्रसित व्यक्ति हैं।
नोडल अधिकारी श्रीमती शिवांका गौड ने वैक्टर बोर्न द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जेई/ एईएस रोग से बचाव व रोकथाम के लिए कार्य योजना के अन्य विभागों की सहभागिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांवों में ग्राम प्रधान इस अभियान के नोडल होंगे। बैठक में शिक्षा, कृषि, जल संस्थान, नगर निगम, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, मनोरंजन, ग्राम्य विकास, सूचना, पशुपालन, मत्स्य विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, नागरिक सुरक्षा, एनजीओ, यूनिसेफ व आईएमए के प्रतिनिधि मौजूद रहे।