जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न स्थानों के लिए खेल साक्षरता प्रसार वाहन किया रवाना

जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न स्थानों के लिए खेल साक्षरता प्रसार वाहन किया रवाना

सहारनपुर [24CN]। जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह ने कहा कि खेल के माध्यम से व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होने कहा कि जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेलकूद के लिये आरक्षित भूमि पर खेल की सुविधायें विकसित की जायें। विद्यालयों में वितरित खेल सामग्री का उचित उपयोग एवं नियंत्रण किया जाए। उन्होने हर उम्र के लोगों को खेलने का आह्वान किया और खेल को सिर्फ मेडल जीतने के नजरिये से ना देखने का आग्रह किया। उन्होने कहा खेल को एक मनोरंजन के रूप में तथा शारीरिक व्यायाम जिससे कि वो स्वस्थ रह सकें तथा चरित्र निर्माण के स्त्रोत के रूप में देखने का आग्रह किया।

श्री अखिलेश सिंह आज जनपद में खेलों को बढावा देने के लिए खेल साक्षरता प्रसार वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर से जनपद के विभिन्न स्थानों पर खेल साक्षरता मिशन के प्रचार के लिए रवाना किया। उन्होने कहा कि ‘‘खेल साक्षरता मिशन’’ का व्यापक स्तर पर प्रचार हो। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित खेल प्रतिष्ठानों को पुर्नजीवित किया जाए। खेलों के प्रति बच्चों में रूचि पैदा करने के लिये ककहरे वाली पुस्तक के साथ खेलों पर आधारित वर्णमाला पुस्तक का भी प्रयोग किया जाए। उन्होने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। खेल सम्बन्धी पुस्तकें एवं पत्रिकाओं को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के स्कूल एवं पुस्तकालयों में उपलब्ध कराया जाय।

यह खेल साक्षरता प्रसार वाहन जनपद के ढाला माजरा गाँव पहुँचा। इस गाँव में भारी तादाद में ग्रामीण बच्चे, महिला और पुरूष के साथ-साथ ग्राम प्रधान भी उत्सुकता से इस खेल साक्षरता वाहन को देखने पहुँचे। वाहन में लगी बड़ी एलसीडी स्क्रीन पर दर्शकों को खेल के ऊपर बनी 3 डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गयी। साथ ही साथ संस्था ‘स्पोर्ट्स: ए वेे आॅफ लाइफ’ के अध्यक्ष डाॅ0 कनिष्क पाण्डेय ने इन ग्रामीणों को वीडियों काॅन्फ्रेंसिन्ग के जरिये सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने बच्चों को ओलम्पिक खेलों के बारे में तो बताया ही, साथ ही  खेलोन्मुख करने के लिए प्रोत्साहित भी किया तथा उनके गाँव आने का वायदा भी किया। यह भी आश्वस्त किया कि उनके गाँव के लिए प्रशासन से खेल मैदान उपलब्ध कराने का अनुरोध करेंगे और खेल उपकरण भी उपलब्ध कराने का प्रयत्न करेंगे।

खेल साक्षरता प्रसार वाहन के गांव ढाला माजरा में पहुँचने के उपरान्त खेल के ऊपर बनी वीडियों प्रदर्शित करने के साथ-साथ बच्चों को खेल पुस्तिकाएं, खेल प्रवेशिका,  Know Sports  तथा खेल वर्णमाला पर बना कलैण्डर बच्चों को वितरित किये गये। बच्चों को जैसे ही यह पुस्तिका मिली तो वो खुशी-खुशी इस खेल वर्णमाला को पढ़ते देखे गये तथा कई बच्चे तो इस वाहन के समीप ही खेलने लगे।