जनपद न्यायाधीश ने किया न्याय रथ का शुभारंभ

जनपद न्यायाधीश ने किया न्याय रथ का शुभारंभ
  • सहारनपुर में एमयूवी का उद्घाटन करते जिला जज।

सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक सेवाओं के प्रचार-प्रसार और ग्रामीण क्षेत्रों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नई मल्टी यूटिलिटी वाहन (एमयूवी) न्याय रथ का शुभारंभ किया गया। सोमवार को जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ वाहन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेंद्र सिंह, मोटर वाहन अधिनियम न्यायालय के अधिकारी  अंबर रावत, अपर जिला जज  अभय कृष्ण तिवारी, अपर जिला जज श्रीमती प्रकाश तिवारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव  पप्पू कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने वाहन पूजन किया।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रत्येक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को मल्टी यूटिलिटी वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में सहारनपुर को भीफोर्स मोटर्स लिमिटेड द्वारा निर्मित फोर्स ट्रैक्स क्रूजर वाहन प्रदान किया गया है। यह न्याय रथ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा और लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता, मध्यस्थता तथा अन्य विधिक सेवाओं की जानकारी देगा। साथ ही इसका उपयोग मोबाइल मध्यस्थता केंद्र के रूप में भी किया जाएगा, जिससे विवादों का निपटारा मौके पर ही संभव हो सकेगा। इसके अलावा मध्यस्थता हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1212 की जानकारी भी इस वाहन के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सशक्त बनाना और ‘न्याय आपके द्वार’ के संकल्प को साकार करना है।


Leave a Reply