डीआईओएस ने किया हर घर तिरंगा आह्वान गीत का लोकार्पण
सहारनपुर [24CN]। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त द्वारा हर घर तिरंगा आह्वान गीत का लोकार्पण किया गया। बलियाखेड़ी विकासखंड के गांव सबदलपुर स्थित राजकीय हाईस्कूल में भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने हर घर तिरंगा आह्वान गीत का लोकार्पण करते हुए कहा कि बड़े हर्ष का विषय है कि हम भारतीय लोकतंत्र की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें इस पर्व को ऐतिहासिक बनाने की जरूरत है। हर घर तिरंगा आह्वान गीत की शब्द रचना, निर्माण एवं प्रस्तुति राजकीय हाईस्कूल की प्रधानाध्यापिका डा. अनीता देवी द्वारा की गई।
लेखिका डा. अनीता देवी ने बताया कि इस गीत की प्रेरणा जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त द्वारा प्रधानाचार्यों के समूह को समय-समय पर दिए गए प्रोत्साहन, वीडियो साझा करने और झंडा हर घर पहुंचे, यह सुनिश्चित झंडे की व्यवस्था कराने के कार्यक्रम से प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि गीत का उद्देश्य जनसाधारण में हर घर तिरंगा फहराने के लिए जोश उत्पन्न करना और नई पीढ़ी में राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान का भाव जागृत करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार का यह कार्यक्रम एक ऐतिहासिक कार्यक्रम बन सके और हर राष्ट्रवासी की आन बान और शान तिरंगे के गौरव से अभिभूत हो सके।
यह इस गीत का मुख्य उद्देश्य है। गीत के संगीतकार सूरज खेड़ा, तकनीकी सहयोगी अमरीश शास्त्री, गायक व संगीत निदेशक सुशांत अस्थाना, गायिका सुश्री पूजा श्रीवास्तव, समन्वय इरशाद खान, सिकंदर व कर्ण चौहान का रहा। जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय विनोद कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी ए.के. श्रीवास्तव, पूर्व विभागाध्यक्ष वी. के. शुक्ल, डैनी सक्सेना, प्रतिमा कुमारी, श्रीमती सम्पदा देवी का मार्गदर्शन रहा।