मेरठ जोन की उपविजेता कुश्ती टीम को डीआईजी  ने किया सम्मानित

मेरठ जोन की उपविजेता कुश्ती टीम को डीआईजी  ने किया सम्मानित
  • सहारनपुर में मेरठ जोन की उपविजेता कुश्ती टीम को सम्मानित करते डीआईजी अजय कुमार साहनी।

सहारनपुर। 30वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता, वर्ष-2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाली मेरठ जोन की फ्री-स्टाइल कुश्ती (पुरुष वर्ग) की उपविजेता टीम को मंडल परिक्षेत्र के पुलिस ऑफ महानिरीक्षक अजय साहनी ने सम्मानित कर उनका उत्साह वर्धन किया। प्रतियोगिता 6वीं वाहिनी, मेरठ में 23 से 26 अप्रैल, 2025 तक आयोजित की गई थी। डीआईजी श्री साहनी ने मेरठ जोन के खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों का यह समर्पण और कड़ी मेहनत न केवल पुलिस बल की खेल भावना को दर्शाता है, बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। प्रतियोगिता में मेरठ जोन की टीम ने फ्री-स्टाइल कुश्ती (पुरुष वर्ग) में उपविजेता का स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न जोनों की टीमें शामिल हुईं थी जिन्होंने कुश्ती, हैंड रेसलिंग, बॉडीबिल्डिंग और बॉक्सिंग जैसी स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

यह प्रतियोगिता पुलिस कर्मियों के बीच शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। मेरठ जोन की उपलब्धि ने क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह को और बढ़ाया है। डीआईजी साहनी ने खिलाडिय़ों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि वे अपने कौशल से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन करें।