जनसुनवाई में डीआईजी अभिषेक सिंह ने सुनी जनता की समस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
- सहारनपुर स्थित अपने कार्यालय में जनसमस्या सुनते डीआईजी अभिषेक सिंह।
सहारनपुर। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह अपनेक कार्यालय में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान भारी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
जैन कालेज रोड स्थित डीआईजी कार्यालय में डीआईजी अभिषेक सिंह ने बारी-बारी से प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना पुलिस प्रशासन का उत्तरदायित्व है, और इसमें पारदर्शिता व संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। जनसुनवाई के दौरान डीआईजी कार्यालय में अधिकारियों की उपस्थिति में दर्जनों शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर तत्काल कार्यवाही के आदेश दिए गए।
