शिव की भक्ति ही है मुक्ति का मार्ग: कालेंद्रानंद

शिव की भक्ति ही है मुक्ति का मार्ग: कालेंद्रानंद
  • सहारनपुर में शिव महापुराणा कथा का गुणगान करते स्वामी कालेंद्रानंद महाराज।

सहारनपुर [24CN] । स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि शिव तत्व ही जीव जगत का कल्याण करता है। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज आज यहां राधा विहार स्थित औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिव महापुराण की कथा का गुणगान कर रहे थे। उन्होंने शिव महापुराण का तात्विक रहस्य बताते हुए कहा कि शिव तत्व ही जीव जगत का आधार है। वही सृष्टि का प्राण रूप होकर चेतनता प्रदान करता है। जीव के कल्याण एवं कर्म बंधन से मुक्ति का मूल मार्ग शिव की निर्मल भक्ति ही है।

कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि शिव अर्थात् कल्याण भाव ही शिव शब्द का मूल अर्थ है। शिव ही तात्विक आधार पर सत, रज, तम को धारण कर सृष्टि सृजन, पालन एवं संहार करते हैं क्योंकि शिव में ही त्रिगुणात्मक परम सत्ता समाई हुई है। शिव ही जीव की मुक्ति का साधन है। उन्होंने कहा कि शिव शक्ति का संगम ही ब्रह्म भाव की पूर्ण ऊर्जा है जो साकार प्रकृति एवं परम पुरूष है जो समस्त चराचर को धारण कर सभी आत्म चेतन कर सृष्टि संचालन करते हैं। इस अवसर पर ऋषभ शर्मा, अरूण स्वामी, मेहर चंद जैन, राजेंद्र धीमान, अश्विनी काम्बोज, वर्षा, किरण, बबली, गीता, करूणा, अंजना, उमा, सुचेता आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।