आस्था व श्रद्धा के साथ श्रद्धालुओं ने किया भगवान भोले का जलाभिषेक

आस्था व श्रद्धा के साथ श्रद्धालुओं ने किया भगवान भोले का जलाभिषेक
  • सहारनपुर में महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव का जलाभिषेक करते श्रद्धालु।

सहारनपुर। जनपद में भारतीय संस्कृति में श्रद्धा व आस्था का पर्व महाशिवरात्रि का त्यौहार जिले भर में बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया।

महाशिवरात्रि पर जनपद के कई कस्बों में बैंडबाजों के साथ भगवान शंकर की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति में फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को आदिकाल से महाशिवरात्रि पर्व मनाने की परम्परा चली आ रही है। मान्यता है कि भगवान भोले का पार्वती के साथ महाशिवरात्रि पर्व पर ही पानिग्रहण संस्कार हुआ था। शिवरात्रि पर्व पर इस बार शुक्र, चंद्रमा, मंगल, बुध और शनि के एक साथ होने की वजह से कुछ खास संयोग भी बना हुआ था जिसके चलते श्रद्धालुओं द्वारा विधिविधान के साथ शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ पर गंगाजल व बेल पत्र चढ़ाकर अपने व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई। महानगर में धोबीघाट स्थित सिद्धपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में प्रात: चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें लगनी शुरू हो गई थी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं द्वारा कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।

इसके अलावा चकरोता रोड स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, संकलापुरी स्थित श्री शंखलेश्वर महादेव मंदिर, श्री गणेश्वर महादेव मंदिर, श्री आशेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, रानी बाजार स्थित श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, मोरगंज स्थित शिव मंदिर, आवास विकास स्थित हरि मंदिर, गिल कालोनी स्थित श्री नारायण मंदिर, दामोदरपुरी स्थित शिव मंदिर, खलासी लाईन स्थित श्री गोपाल मंदिर, शिव विहार स्थित शिवमंदिर, पुल खुमरान स्थित श्री रामेश्वरम मंदिर, सम्राट विक्रम कालोनी स्थित शिव मंदिर, कलक्ट्रेट स्थित तहसील शिव मंदिर, राधा विहार स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर समेत महानगर के सैंकड़ों शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।

इसके अलावा नानौता विकास खंड के गांव बरसी स्थित महाभारतकालीन शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा आस्था व श्रद्धा के साथ भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया गया। इसके अलावा देवबंद विकास खंड के गांव मानकी स्थित श्री मनकेश्वर महादेव मंदिर, रामपुर मनिहारान के सिद्धपीठ प्राचीन श्री ठाकुरद्वारा मंदिर, सरसावा के श्रीवनखंडी महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।

महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए जिला प्रशासन द्वारा जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं दूसरी ओर मंदिरों की प्रबंध समितियों द्वारा जहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेटिंग लगाई गई थी। वहीं दूसरी ओर शिवालयों को रंगबिरंगी लाइटों से भी सजाया गया था जिनकी इंद्रधनुषी छटा श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।