चैत्र नवरात्रि महोत्सव: सप्तमी पर मां कालरात्रि की भक्ति में डूबे श्रद्धालु
- सहारनपुर में मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।
सहारनपुर। राधा विहार स्थित महाशक्ति वैष्णवी महाकाली मंदिर में चैत्र नवरात्रि के सप्तम दिन मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना बड़े श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चैत्र नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि की विधिवत पूजा आचार्य ऋषभ शर्मा द्वारा कराई गई। इस दौरान मां भगवती का लाल चंदन एवं कुमकुम से दुर्गा सहस्त्रनाम स्तोत्र के साथ महास्नान कराया गया। इसके उपरांत भोग अर्पित कर भव्य आरती की गई। कार्यक्रम में प्रवचन देते हुए स्वामी कालेंद्रानंद जी महाराज ने मां कालरात्रि की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि मां कालरात्रि सृष्टि में संतुलन बनाए रखने वाली परम शक्ति हैं। वे काल को नियंत्रित कर पाप और पुण्य के बीच संतुलन स्थापित करती हैं तथा समस्त जीवों के जीवन से नकारात्मकता का नाश करती हैं।
उन्होंने कहा कि मां कालरात्रि ब्रह्म शक्ति स्वरूप हैं, जो सृष्टि का संचालन और संतुलन करती हैं। स्वामी जी ने आगे कहा कि मां कालरात्रि समस्त कष्टों और दुखों का हरण कर जीवों का कल्याण करती हैं। उनकी कृपा से जीव को आत्म दर्शन और ब्रह्म दर्शन की प्राप्ति होती है, जिससे मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मां कालरात्रि की उपासना कर भयमुक्त जीवन जीने का आह्वान किया। इस अवसर पर रमेश शर्मा, उपेंद्र चैधरी, अश्विनी कंबोज, सागर गुप्ता, उमा जैन, बबीता, राजबाला, रीना, कुसुम सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
